सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे प्रधानमंत्री मोदी


नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक हिंद महासागर क्षेत्र के द्वीपीय राष्ट्र सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी यह यात्रा सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर कर रहे हैं। यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच उच्चस्तरीय वार्ता होगी, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न आयामों की समीक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय विधानसभा को भी संबोधित करेंगे तथा वहां रह रहे भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और सेशेल्स के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा जन-से-जन संपर्कों पर आधारित हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी होने के कारण सेशेल्स, भारत की ‘महासागर’ (म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन) दृष्टि और वैश्विक दक्षिण के प्रति प्रतिबद्धता में विशेष स्थान रखता है।

मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करेगी तथा विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को नई गति प्रदान करेगी।

गौरतलब है कि इस वर्ष फरवरी में राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी भारत की छह दिवसीय राजकीय यात्रा पर आए थे। उस दौरान दोनों देशों ने डिजिटल परिवर्तन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई थी। भारत ने सेशेल्स में डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) के विकास तथा स्थानीय जरूरतों के अनुरूप डिजिटल भुगतान प्रणाली स्थापित करने में सहयोग का आश्वासन दिया था।

भारत और सेशेल्स के बीच अपनाई गई ‘सेसेल’ (एसईएसईएल) संयुक्त दृष्टि के तहत सतत विकास, आर्थिक वृद्धि, समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग, क्षमता निर्माण और समावेशी विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है।

भारत ने सेशेल्स के विकास कार्यक्रमों, क्षमता निर्माण और समुद्री सुरक्षा सहयोग के लिए 17.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज की भी घोषणा की है। इसमें 12.5 करोड़ डॉलर की रुपये आधारित ऋण सहायता और 5 करोड़ डॉलर की अनुदान सहायता शामिल है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles