जेल में छापेमारी के दौरान प्रज्वल रेवन्ना के पास मिला मोबाइल फोन

0

बेंगलुरु : परप्पना अग्रहारा केंद्रीय कारागार में मंगलवार को केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) की छापेमारी के दौरान पूर्व जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। जेल एवं सुधार सेवा विभाग के डीजीपी आलोक कुमार ने बुधवार को इसकी पुष्टि की।

आलोक कुमार के अनुसार, सीसीबी ने जेल में बंद सभी हाई-प्रोफाइल कैदियों के बैरकों की तलाशी ली। यह कार्रवाई करीब चार से पांच घंटे चली। इसी दौरान प्रज्वल रेवन्ना के पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया। एक अन्य कैदी प्रताप राय के पास से भी मोबाइल फोन मिला है।

जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीजीपी ने बताया कि दक्षिण क्षेत्र के डीआईजी की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित सहायक अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, बेंगलुरु सेंट्रल जेल के अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

तलाशी के दौरान मोबाइल फोन के अलावा कोई अन्य प्रतिबंधित वस्तु बरामद नहीं हुई। सीसीबी ने परप्पना अग्रहारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है और मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के पोते और जेडीएस विधायक एच.डी. रेवन्ना के बेटे हैं। अगस्त 2025 में जनप्रतिनिधियों के लिए गठित विशेष अदालत ने हासन जिले के होलेनरसिपुरा स्थित एक फार्महाउस में घरेलू सहायिका से दुष्कर्म के मामले में उन्हें दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। अदालत ने उन पर 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था, जिसमें से 7 लाख रुपये पीड़िता को मुआवजे के तौर पर देने का निर्देश दिया गया था। रेवन्ना के खिलाफ दुष्कर्म के तीन अन्य मामले भी अदालत में विचाराधीन हैं।