डेस्क : अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपनी जिंदगी का एक ऐसा खौफनाक अनुभव साझा किया है, जिसे वह आज भी नहीं भूल पाए हैं। 9/11 आतंकी हमले के बाद अमेरिका में शूटिंग के दौरान एक गलतफहमी के चलते अमेरिकी पुलिस ने उन्हें बंदूक की नोक पर ले लिया था और हथकड़ी तक पहना दी थी।
होटल में हुई एक छोटी-सी बात से मचा हड़कंप
सुनील शेट्टी ने चंदा कोच्चर के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान इस घटना का जिक्र किया था। उन्होंने बताया कि 9/11 हमलों के समय वह लॉस एंजेलिस में फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में मौजूद थे। उस दौरान अमेरिका में सुरक्षा को लेकर काफी डर और सतर्कता का माहौल था।
अभिनेता के मुताबिक, एक दिन वह होटल की लिफ्ट में पहुंचे और उन्हें याद आया कि कमरे की चाबी उनके पास नहीं है। लिफ्ट में मौजूद एक अमेरिकी व्यक्ति से उन्होंने चाबी के बारे में पूछा, लेकिन वह व्यक्ति असहज होकर वहां से चला गया।
कुछ ही देर बाद अचानक पुलिस वहां पहुंच गई। सुनील के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने बंदूकें तानते हुए उन्हें नीचे बैठने का आदेश दिया और गोली मारने की चेतावनी दी।
घुटनों पर बैठाया, फिर पहनाई हथकड़ी
सुनील ने बताया कि उन्हें समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। वह घुटनों के बल बैठ गए और पुलिस ने उन्हें हथकड़ी पहना दी। उस वक्त उन्हें यह भी नहीं पता था कि आगे क्या होने वाला है।
स्थिति तब साफ हुई जब फिल्म की प्रोडक्शन टीम का एक सदस्य और होटल मैनेजर वहां पहुंचे। होटल में मौजूद एक पाकिस्तानी मैनेजर ने पुलिस को बताया कि सामने खड़ा व्यक्ति कोई संदिग्ध नहीं बल्कि बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी है और वह फिल्म की शूटिंग के लिए अमेरिका आए हैं। इसके बाद पुलिस को पूरी स्थिति समझ में आई और मामला शांत हुआ।
दाढ़ी और इशारे ने बढ़ा दी थी गलतफहमी
सुनील ने बताया कि उस समय उनकी दाढ़ी और दक्षिण एशियाई लुक की वजह से भी गलतफहमी बढ़ गई थी। 9/11 के बाद अमेरिका में दक्षिण एशियाई और मध्य-पूर्वी लोगों को लेकर संदेह और डर का माहौल था।
उन्होंने यह भी बताया कि होटल में मौजूद व्यक्ति से बातचीत के दौरान जब भाषा को लेकर परेशानी हुई तो उन्होंने चाबी और लिफ्ट समझाने के लिए हाथों से इशारा किया। लेकिन परिस्थितियां ऐसी थीं कि उनका यह इशारा भी उनके खिलाफ चला गया।
सुनील शेट्टी ने कहा कि वह इस पूरे घटनाक्रम में खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं कि प्रोडक्शन टीम और होटल स्टाफ समय पर पहुंच गए और पुलिस को उनकी पहचान के बारे में समझा सके।








