डेस्क : पश्चिम बंगाल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है। नेताजी पर भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद नागेंद्रनाथ राय उर्फ अनंत महाराज की विवादित टिप्पणी के बाद राजनीतिक घमासान के बीच कोलकाता के न्यू अलीपुर इलाके में नेताजी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से तनाव बढ़ गया है।
प्रतिमा का दाहिना हाथ टूटा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिमा को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया या किसी अन्य कारण से वह क्षतिग्रस्त हुई। मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विवादित टिप्पणी के बाद बढ़ा बवाल
यह पूरा विवाद भाजपा सांसद नागेंद्रनाथ राय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज को लेकर दिए गए बयान के बाद शुरू हुआ। सांसद की टिप्पणी को लेकर बंगाल में तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई। इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नेताजी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने साफ कहा था कि कानून सभी के लिए बराबर है, चाहे व्यक्ति सांसद हो, विधायक हो या सरकारी अधिकारी।
सांसद से वापस लिया गया सम्मान
विवाद बढ़ने के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने भाजपा सांसद नागेंद्रनाथ राय से राज्य का सर्वोच्च नागरिक सम्मान बंग विभूषण भी वापस ले लिया। यह सम्मान उन्हें इसी वर्ष फरवरी में दिया गया था। सरकार ने उनके बयान को सम्मान की गरिमा के अनुरूप नहीं माना।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की घटना ने राजनीतिक विवाद को और हवा दे दी है। भाजपा नेताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है, जबकि पुलिस मामले की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने में जुटी है।








