भारत की चुनावी व्यवस्था का हवाला, ट्रंप ने SAVE Act पारित करने की मांग दोहराई

0

डेस्क  : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक बार फिर कांग्रेस से ‘सेफगार्ड अमेरिकन वोटर एलिजिबिलिटी (SAVE) अमेरिका एक्ट’ पारित करने की अपील की। ट्रंप ने अपने ताजा बयान में भारत की चुनाव प्रणाली और मतदाताओं के लिए अनिवार्य फोटो पहचान पत्र की व्यवस्था का हवाला दिया।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि इसी महीने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अमेरिकी प्रशासन से सवाल किया था कि अमेरिका में वैध फोटो पहचान पत्र के बिना चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं।

ट्रंप ने भारत में हुए पिछले आम चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां करीब 64.6 करोड़ मतदाताओं ने मतदान किया और एक प्रतिशत से भी कम मतदाताओं ने डाक के माध्यम से वोट डाला। उन्होंने दावा किया कि भारत में प्रत्येक मतदाता के लिए वैध फोटो पहचान दस्तावेज जरूरी था।

इसके साथ ही ट्रंप ने कांग्रेस से कानून को जल्द पारित करने की मांग करते हुए कहा, “हमें अब SAVE America Act पारित करना चाहिए।”

व्हाइट हाउस के अनुसार, प्रस्तावित कानून का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संघीय चुनावों में केवल अमेरिकी नागरिक ही मतदान कर सकें। प्रशासन का कहना है कि कानून के तहत संघीय चुनाव में मतदान के लिए पंजीकरण कराने वाले व्यक्ति को वैध पहचान पत्र के साथ अपनी अमेरिकी नागरिकता का प्रमाण भी देना होगा।

प्रस्ताव में डाक से मतदान पर भी कुछ सीमाएं लगाने की बात कही गई है। इसके तहत बीमारी, दिव्यांगता, सैन्य सेवा या यात्रा जैसी विशेष परिस्थितियों में ही मेल-इन बैलेट की अनुमति देने का प्रस्ताव है। साथ ही राज्यों को मतदाता सूची से गैर-अमेरिकी नागरिकों के नाम हटाने के लिए कदम उठाने का प्रावधान भी प्रस्तावित है।

व्हाइट हाउस ने कहा कि “अमेरिकी चुनावों का फैसला केवल अमेरिकी नागरिकों को करना चाहिए।” प्रशासन ने भारत और ब्राजील की चुनाव प्रणालियों का उदाहरण देते हुए दावा किया कि इन देशों में मतदाता पहचान को बायोमेट्रिक डेटाबेस से जोड़ा गया है, जबकि अमेरिका में नागरिकता को लेकर बड़े पैमाने पर स्व-घोषणा पर निर्भरता है।

SAVE Act को कांग्रेस में 29 जनवरी को पेश किया गया था। ट्रंप प्रशासन इसे अमेरिकी चुनावों में मतदाता पहचान और नागरिकता संबंधी नियमों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर पेश कर रहा है।