सलमान खान के ट्रोलिंग के खिलाफ रुख का विवेक ओबेरॉय ने किया समर्थन

0

डेस्क : अभिनेता सलमान खान इन दिनों सोशल मीडिया पर कलाकारों को उनके लुक्स, उम्र और वजन को लेकर ट्रोल किए जाने के खिलाफ खुलकर अपनी बात रख रहे हैं। अब अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने भी सलमान खान के इस रुख का समर्थन किया है। विवेक ने कहा कि किसी को ट्रोल करना नकारात्मक चीज है और लोगों को जीवन में सकारात्मक कामों पर ध्यान देना चाहिए।

दरअसल, ‘बिग बॉस 20’ के हालिया वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने सोशल मीडिया पर कलाकारों को उनके रूप-रंग और उम्र को लेकर निशाना बनाने वालों पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने खुद को लेकर की जा रही उम्र और लुक संबंधी टिप्पणियों का भी जिक्र किया। सलमान ने यह भी कहा कि किसी कलाकार के काम की आलोचना करना अलग बात है, लेकिन निजी तौर पर किसी को निशाना बनाना उचित नहीं है।

सलमान ने अभिनेत्री कैटरीना कैफ को लेकर की गई बॉडी शेमिंग पर भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि गर्भावस्था के बाद वजन बढ़ना सामान्य है और कलाकार के काम पर लौटने के बाद वह अपने हिसाब से फिटनेस पर ध्यान दे सकती हैं। सलमान ने सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा दूसरों को नीचा दिखाकर नकारात्मकता फैलाने पर भी सवाल उठाया।

विवेक ने कहा- ट्रोलिंग से दूर रहना चाहिए

एक कार्यक्रम के दौरान जब विवेक ओबेरॉय से सलमान खान की टिप्पणियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ट्रोलिंग नहीं करनी चाहिए। उनके मुताबिक, ट्रोलिंग एक नकारात्मक चीज है और जीवन में करने के लिए कई सकारात्मक काम हैं। उन्होंने सवाल किया कि लोग नकारात्मकता में क्यों उलझें।

खास बात यह है कि विवेक ओबेरॉय और सलमान खान के बीच वर्ष 2003 में विवाद काफी सुर्खियों में रहा था। इसके बावजूद विवेक का यह बयान सोशल मीडिया ट्रोलिंग के मुद्दे पर केंद्रित रहा।