देहरादून में महिला के अपहरण की कोशिश, तीन सफाईकर्मियों ने झाड़ू से बदमाशों को खदेड़ा

0

डेस्क : राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह एक महिला के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया। सहस्रधारा रोड स्थित कानन कुंज के पास दो नकाबपोश युवकों ने स्कूटी सवार महिला को रोककर जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर पास में सफाई कर रहीं नगर निगम की तीन महिला कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों का विरोध किया और झाड़ू के डंडों से उन पर हमला कर दिया। महिलाओं के साहस के आगे बदमाशों को मौके से भागना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, मेला राम कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय सुषमा वर्मा अपनी 19 वर्षीय बेटी को कॉलेज छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थीं। कानन कुंज की गली के पास पीछे से आई बिना नंबर प्लेट की एक काली कार से दो नकाबपोश युवक उतरे और सुषमा को जबरन कार में बैठाने की कोशिश करने लगे। महिला के विरोध और शोर मचाने पर पास में मौजूद सफाई कर्मचारी अनिता, सविता और माया की नजर उन पर पड़ी।

तीनों महिलाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और बदमाशों को झाड़ू के डंडों से खदेड़ना शुरू कर दिया। अचानक हुए विरोध से घबराए दोनों आरोपी महिला को छोड़कर कार में सवार होकर फरार हो गए। घटना की जानकारी बाद में सफाई सुपरवाइजर को दी गई, जिसके बाद पुलिस तक मामला पहुंचा।

पुलिस ने अपहरण के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध कार सहस्रधारा क्रॉसिंग से घटनास्थल तक आने और फिर लाडपुर की ओर जाते हुए दिखाई दी है।

जांच में यह पहलू भी सामने आया है कि महिला का अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। पुलिस इस घटना के पीछे किसी संभावित रंजिश की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला ने आरोपियों को पहचानने से इनकार किया है।