प्रेम विवाह से नाराज ससुरालियों ने दामाद को अगवा कर पीटा, मौत; सात गिरफ्तार

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के मथुरा में प्रेम विवाह से नाराज ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा अपने दामाद को अगवा कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल दामाद की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, गौसना गांव निवासी बंटी ने मई 2026 में कुंज नगर निवासी संजना से कोर्ट मैरिज की थी। बताया जा रहा है कि संजना के परिजन इस विवाह से नाराज थे। इसी को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।

आरोप है कि 21 सितंबर को संजना के भाई महेंद्र और उसके साथियों ने पहले बंटी के भाई शंकर को अगवा किया। इसके बाद फोन कर बंटी को भी बुलाया गया। दोनों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि बंटी को डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा गया।

बताया गया कि दोनों भाइयों को करीब 25 घंटे तक अलग-अलग स्थानों पर रखा गया। इसके बाद आरोपियों ने दोनों को मांट-सुरीर रोड पर घायल अवस्था में छोड़ दिया। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बंटी को मृत घोषित कर दिया। उसका भाई शंकर भी घायल है और उसका उपचार चल रहा है।

बंटी की मां शीला देवी ने पुलिस को शिकायत देकर दोनों बेटों को बंधक बनाए जाने और उनकी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी महेंद्र समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में हत्या, अपहरण, हत्या के प्रयास और साक्ष्य मिटाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की जांच जारी है।