फर्जी प्रोफाइल और तस्वीरों के इस्तेमाल पर विकास दिव्यकीर्ति पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट

0

डेस्क : दृष्टि आईएएस के संस्थापक और शिक्षक विकास दिव्यकीर्ति ने अपने व्यक्तित्व और निजता से जुड़े अधिकारों की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनकी याचिका पर गुरुवार को न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव की पीठ के समक्ष सुनवाई हुई।

याचिका में दिव्यकीर्ति की ओर से कहा गया है कि उनके व्यक्तित्व से जुड़े अधिकारों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए हैं। इनमें सोशल मीडिया पर उनके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल और पोस्ट तैयार करना भी शामिल है। उनके वकील ने अदालत से ऐसे इस्तेमाल के खिलाफ संरक्षण की मांग की।

सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि व्यक्तित्व अधिकारों से जुड़े कई अन्य मामले भी दिल्ली हाई कोर्ट की एक समन्वय पीठ के समक्ष लंबित हैं। इस पर न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने मामले को उसी पीठ के समक्ष भेजने का निर्देश दिया, जो व्यक्तित्व अधिकारों से संबंधित मामलों की सुनवाई कर रही है। मामले को मंगलवार को रोस्टर पीठ के सामने सूचीबद्ध किए जाने की बात कही गई है।

कई चर्चित हस्तियां भी पहुंच चुकी हैं अदालत

दिल्ली हाई कोर्ट में इससे पहले कई सार्वजनिक हस्तियां अपने व्यक्तित्व और प्रचार संबंधी अधिकारों की सुरक्षा की मांग कर चुकी हैं। इनमें अमिताभ बच्चन, सलमान खान, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, युवराज सिंह, पवन कल्याण और क्रिकेटर अभिषेक शर्मा सहित अन्य नाम शामिल हैं।

इसी तरह फिजिक्स वाला के संस्थापक अलख पांडे ने भी अपने नाम और तस्वीर के कथित अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर अदालत का रुख किया था। अदालत ने उनके मामले में अश्लील सामग्री, बिना लाइसेंस व्यक्तित्व के व्यावसायिक इस्तेमाल और पहचान की नकल जैसे मामलों से सुरक्षा से संबंधित अंतरिम आदेश दिया था।