शाही मस्जिद की कार्रवाई के विरोध में उज्जैन में हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

0

उज्जैन : सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए उज्जैन की शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। कार्रवाई के विरोध में मौके पर जुटे लोगों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। इसी के तहत शाही मस्जिद का करीब 11 फीट हिस्सा सड़क की जद में आने की बात कही जा रही है। नगर निगम और प्रशासन की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के बाहर एकत्र हो गए और इसका विरोध शुरू कर दिया।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को घेर लिया। विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की के बाद पथराव की स्थिति बन गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। इस परियोजना की जद में आने वाले अन्य निर्माणों को भी हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को लेकर मुस्लिम समाज की ओर से न्यायालय का रुख किया गया है। मामले की सुनवाई को लेकर भी कानूनी प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

तनाव को देखते हुए मस्जिद और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।