24 साल बाद मां बनी, तीन महीने की जुड़वां बेटियों की हत्या के बाद खुदकुशी की कोशिश

0

डेस्क : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 40 वर्षीय एक महिला ने अपनी तीन महीने की जुड़वां बेटियों की कथित तौर पर पानी में डुबोकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया। घटना में दोनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि महिला को बचा लिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना वज्रहल्ली इलाके में हुई। महिला की पहचान उमादेवी के रूप में हुई है। उनकी शादी वर्ष 2002 में रामलिंगप्पा से हुई थी। शादी के करीब 24 साल बाद आईवीएफ तकनीक के जरिए 5 मई को उनके घर जुड़वां बेटियों का जन्म हुआ था। बेटियों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल था।

परिजनों के मुताबिक, प्रसव के करीब डेढ़ महीने बाद उमादेवी के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगा था। वह बच्चियों की देखभाल में रुचि नहीं ले रही थीं और कई बार उन्हें आश्रम भेजने की बात करती थीं। परिवार ने इस संबंध में डॉक्टरों से भी सलाह ली थी। बताया गया कि डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को प्रसवोत्तर अवसाद और प्रसव के बाद होने वाले हार्मोनल बदलाव से जोड़कर देखा था।

घटना के दिन महिला के पति रामलिंगप्पा करीब 2:45 बजे घर पहुंचे। उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर उमादेवी दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकी मिलीं। उन्हें तत्काल नीचे उतारा गया। इसी दौरान कमरे में दोनों बच्चियां भी बेसुध अवस्था में मिलीं।

परिजन तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। महिला का इलाज किया गया और उसकी जान बच गई। शुरुआती जांच में बच्चियों की मौत डूबने से होने की आशंका जताई गई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और महिला की मानसिक स्थिति से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।