रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, 14 साल की बेटी ने माता-पिता पर लगाए गंभीर आरोप

0

डेस्क : गुजरात के कच्छ जिले के अंजार से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। 14 वर्षीय किशोरी ने अपने ही माता-पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किशोरी का आरोप है कि एक लड़के से फोन पर बात करने की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर में बंद कर दिया। इसके बाद पिता ने कई बार उसका यौन शोषण किया। मां पर भी इस दौरान साथ देने और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें लेने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, परिवार करीब छह वर्षों से गुजरात में रह रहा है। किशोरी ने अपनी शिकायत में बताया कि 14 सितंबर को वह एक युवक से फोन पर बात कर रही थी। मां ने उसे फोन पर बात करते देख लिया और इसकी जानकारी पिता को दी। आरोप है कि इसके बाद पिता ने किशोरी के साथ मारपीट की और उसे घर में बंद कर दिया। किशोरी ने यह भी आरोप लगाया कि उसे खाना-पानी नहीं दिया गया।

शिकायत के मुताबिक, इसके बाद कई दिनों तक उसे घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया। किशोरी ने आरोप लगाया कि 15 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच अलग-अलग मौकों पर पिता ने उसके साथ जबरदस्ती की। इन घटनाओं के दौरान मां के मौजूद रहने का भी आरोप है।

फूफी के घर पहुंचकर मांगी मदद

किशोरी ने पुलिस को बताया कि 29 सितंबर को वह किसी तरह घर से निकलकर सोसायटी में रहने वाली अपनी फूफी के घर पहुंची। वहां से उसने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि माता-पिता को इसकी जानकारी होने पर वे उसे वापस घर ले गए और फिर कमरे में बंद कर दिया।

इसके बाद 1 अक्टूबर की रात किशोरी ने एक और घटना का जिक्र किया। उसका आरोप है कि पिता ने उसके साथ फिर जबरदस्ती की और इस दौरान मां ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें अपने मोबाइल से खींचीं।

दूसरी बार पुलिस से संपर्क

2 अक्टूबर की सुबह पिता के घर से बाहर जाने के बाद किशोरी दोबारा अपनी फूफी के घर पहुंची। उसने उन्हें पूरी घटना बताई और 112 के साथ 181 अभयम हेल्पलाइन पर भी संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को अपने संरक्षण में लिया।

पुलिस ने किशोरी की शिकायत के आधार पर माता-पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी आरोपों की जांच कर रही है।