वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के साइबेरिया में प्लेग अनुसंधान संस्थान के एक कर्मचारी की मौत के बाद चिंता जताते हुए रूस को मदद की पेशकश की है। ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अगर रूस को इस तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो अमेरिका उसकी मदद करने के लिए तैयार है।
नेब्रास्का रवाना होने से पहले ट्रंप ने कहा कि रूस में सामने आई यह स्थिति एक बड़ी समस्या है। उन्होंने प्लेग को एक गंभीर बीमारी बताते हुए कहा, “मैं नहीं चाहता कि उन्हें इसका सामना करना पड़े। यह एक गंभीर बीमारी है।”
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, साइबेरिया स्थित एक प्लेग अनुसंधान संस्थान में काम करने वाला एक कर्मचारी बीमार पड़ने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मारा गया। घटना के बाद अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर दर्जनों लोगों को क्वारंटीन किया है।
कर्मचारी की मौत की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। हालांकि, रूसी अधिकारियों ने सोमवार को स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं बताई।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस तरह की किसी भी समस्या से जूझ रहे देश की मदद के लिए हमेशा तैयार रहता है। रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव के बावजूद ट्रंप रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ काम करने की इच्छा कई बार जाहिर कर चुके हैं।








