सीजेपी के प्रदर्शन में ‘हिंदुत्व मुर्दाबाद’ नारेबाजी पर कार्रवाई, 300 लोगों पर एफआईआर

0

डेस्क : गोवा में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर ‘हिंदुत्व मुर्दाबाद’ के नारे लगाए जाने के मामले में पुलिस ने करीब 300 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है। यह मामला 11 अक्टूबर को पणजी में आयोजित प्रदर्शन से जुड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नारे लगाने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शन का आयोजन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ किया गया था। पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की थी। इसी दौरान कथित नारेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया।

मुख्यमंत्री ने दी थी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

मामले को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कथित नारेबाजी की जांच के निर्देश भी दिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीजेपी ने नारेबाजी से बनाई दूरी

विवाद बढ़ने के बाद सीजेपी की गोवा इकाई ने स्पष्ट किया कि पार्टी सभी धर्मों, जातियों और समुदायों का सम्मान करती है। पार्टी ने कहा कि वह किसी की धार्मिक मान्यताओं या भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयान, नारे या कृत्य का समर्थन नहीं करती। संगठन के अनुसार, प्रदर्शन का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करना और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाना था।

राजनीतिक विवाद गहराने के आसार

मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर शुरू हुआ विरोध अब धार्मिक भावनाओं और कथित नारेबाजी के विवाद से भी जुड़ गया है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि नारे किसने लगाए और मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है। फिलहाल, एफआईआर में नामजदगी के बजाय करीब 300 अज्ञात प्रदर्शनकारियों का उल्लेख किया गया है।