उत्तराखंड की राजनीति में हलचल, रामशरण नौटियाल कांग्रेस में शामिल

0

डेस्क : उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल देखने को मिली है। बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक जुबिन नौटियाल के पिता और पूर्व भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। सोमवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

रामशरण नौटियाल ने कुछ दिन पहले ही भाजपा से इस्तीफा दिया था। उन्होंने पार्टी छोड़ने की वजह बताते हुए आरोप लगाया था कि उन्हें संगठन में अपेक्षित सम्मान नहीं मिल रहा था। उनका कहना था कि सार्वजनिक मंचों पर भी उन्हें अपमान का सामना करना पड़ा।

12 साल तक भाजपा में रहे रामशरण नौटियाल

रामशरण नौटियाल ने भाजपा छोड़ने के संबंध में कहा कि जिस संगठन में किसी व्यक्ति ने 12 साल तक काम किया हो, उसे छोड़ना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लिए सम्मान बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी संगठन में सम्मान नहीं मिलता, तो उससे दूरी बनाना स्वाभाविक है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह राजनीति में निजी लाभ के लिए नहीं आए थे, बल्कि अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। उनके अनुसार, उन्होंने सरकार से अपने लिए कोई व्यक्तिगत मांग नहीं रखी।

प्रदेश नेतृत्व से नाराजगी का किया था जिक्र

भाजपा छोड़ने से पहले रामशरण नौटियाल ने प्रदेश संगठन के कामकाज को लेकर भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि उनके पार्टी छोड़ने के कारणों के बारे में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से पूछा जाना चाहिए। उन्होंने संगठन में व्यक्तिगत सम्मान और आपसी शिष्टाचार को जरूरी बताया था।

नौटियाल ने यह भी आरोप लगाया था कि क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दों पर उन्हें अपनी ही पार्टी के नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। उनका कहना था कि वह अपने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं।

2022 में चकराता विधानसभा सीट से लड़ा था चुनाव

रामशरण नौटियाल वर्ष 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चकराता विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में उनका मुकाबला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह से हुआ था। हालांकि, उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

रामशरण नौटियाल पहले कांग्रेस से जुड़े रहे थे। वर्ष 2014 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। अब एक बार फिर कांग्रेस में उनकी वापसी हुई है।

उनके कांग्रेस में शामिल होने को उत्तराखंड की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इसके राजनीतिक प्रभाव का आकलन आने वाले समय में ही स्पष्ट हो सकेगा।