डेस्क : रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद यूरोपीय देशों में गोला-बारूद की बढ़ती मांग का फायदा भारतीय रक्षा उद्योग को मिला है। पिछले चार वर्षों में यूरोप को भारत के गोला-बारूद और संबंधित रक्षा उत्पादों के निर्यात में 1600 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे वैश्विक रक्षा बाजार में भारत की मजबूत होती स्थिति का संकेत मिलता है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद के चार वर्षों में भारत ने यूरोपीय देशों को करीब 87.2 करोड़ डॉलर मूल्य के गोला-बारूद और संबंधित उत्पादों का निर्यात किया। इसके मुकाबले युद्ध से पहले के चार वर्षों में यह निर्यात केवल 4.92 करोड़ डॉलर था।
मध्य और पूर्वी यूरोप में भारत की मजबूत पकड़
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत मध्य और पूर्वी यूरोप के 13 देशों को गोला-बारूद और संबंधित उत्पादों की आपूर्ति करने वाला दूसरा सबसे बड़ा देश बन गया है। इस क्षेत्र में दक्षिण कोरिया पहले स्थान पर है। भारत के कुल संबंधित निर्यात का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं देशों को भेजा गया।
भारत से यूरोप को मुख्य रूप से आर्टिलरी शेल, मोर्टार शेल, प्रोपेलेंट और विस्फोटक जैसे उत्पादों की आपूर्ति की गई है। हालांकि, इन निर्यातों में लड़ाकू विमान या मिसाइलें शामिल नहीं हैं।
युद्ध के कारण बढ़ी गोला-बारूद की मांग
फरवरी 2022 में रूस के हमले के बाद यूरोपीय देशों ने अपनी सैन्य तैयारियों और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने पर जोर दिया है। यूक्रेन को लगातार सैन्य सहायता देने और अपने रक्षा भंडार को दोबारा भरने की जरूरत के कारण आर्टिलरी शेल समेत विभिन्न प्रकार के गोला-बारूद की मांग बढ़ी है। भारतीय रक्षा कंपनियों को इसी बढ़ती मांग से नए अवसर मिले हैं।
भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर
भारत के समग्र रक्षा निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में देश का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 38,424 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वित्त वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 23,622 करोड़ रुपये था।
रक्षा निर्यात में यह बढ़ोतरी केंद्र सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान और घरेलू रक्षा विनिर्माण को बढ़ावा देने के प्रयासों के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यूरोपीय बाजार में भारतीय गोला-बारूद की बढ़ती मांग से यह भी स्पष्ट होता है कि भारत का रक्षा उद्योग अब घरेलू जरूरतों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहा है।









