शामली में चार दिन से बंद मकान में मिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के शामली में चार दिन से बंद मकान के अंदर सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सौरभ गर्ग के रूप में हुई है, जो नोएडा की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह घर से ही काम कर रहे थे और पिछले कई दिनों से उनका परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा था।

जानकारी के अनुसार, शामली के मोहल्ला गुजरातियान स्थित सौरभ का मकान पिछले चार दिनों से बंद था। मंगलवार को घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे उनके भाइयों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया, जहां कमरे में सौरभ का शव बेड पर पड़ा मिला। शव की हालत देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

बताया जाता है कि सौरभ गर्ग का कोरोना काल के दौरान पत्नी से तलाक हो गया था। इसके बाद वह मकान में अकेले रह रहे थे। परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद होने के कारण बातचीत नहीं हो सकी।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सौरभ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।