[ad_1]
गाजियाबाद : खोड़ा इलाके में बकरीद के दिन 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने बुधवार को एनकाउंटर में मार गिराया। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 28 मई को असद और उसके साथियों पर सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर खोड़ा थाने में हत्या समेत संबंधित धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने एक साथी के साथ इलाके में आने वाला है और फरार होने की योजना बना रहा है। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग और घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में असद को गोली लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके से बाइक और हथियार बरामद किए हैं। मामले की आगे जांच जारी है।
इस बीच, घटना के बाद मृतक छात्र सूर्या चौहान की मां सरोज ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए और सभी आरोपियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और संपत्ति जब्त करने की मांग की है।
गौरतलब है कि 28 मई को नवनीत विहार कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय सूर्या चौहान को कथित तौर पर फोन कर मिलने बुलाया गया था। इसके बाद हुए विवाद में उस पर चाकू से कई वार किए गए थे। गंभीर रूप से घायल सूर्या को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में नोएडा रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
[ad_2]








