डेस्क : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए विवादित बयान दिया है। शिमला में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सरमा ने राहुल गांधी को असम आने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी को बांग्लादेश से इतना ही प्रेम है, तो वे वहां जाकर चुनाव लड़ें। सरमा ने यहां तक कह दिया कि राहुल गांधी असम आएंगे तो उन्हें धक्का देकर बांग्लादेश भेज देंगे।
अपने संबोधन में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि देश में बांग्लादेशियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें बांग्लादेश के प्रति इतना लगाव है तो उन्हें वहीं जाकर अपनी राजनीतिक गतिविधियां करनी चाहिए। सरमा ने पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी का भी उल्लेख किया और कहा कि दोनों मिलकर राहुल गांधी को बांग्लादेश पहुंचा देंगे।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
भाजपा की इस जनसभा में हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति और राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावी हार के बावजूद ईवीएम को लेकर सवाल खड़े करती है। सरमा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस बैलेट पेपर से होने वाले चुनावों में भी हार का सामना कर रही है।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी सवाल किया। सरमा ने कहा कि यदि कांग्रेस को ईवीएम पर भरोसा नहीं है, तो उसी चुनाव प्रक्रिया से बनी सरकार के जनादेश पर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते?
राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार
हिमंत बिस्वा सरमा के इस बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है। राहुल गांधी को लेकर की गई उनकी टिप्पणी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। चुनावी राजनीति के बीच नेताओं के ऐसे तीखे बयान एक बार फिर राजनीतिक माहौल को गरमा रहे हैं।









