डेस्क : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक घर की छत पर सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी बुधवार सुबह तब हुई जब परिजन उसे जगाने के लिए छत पर पहुंचे।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रात में खाना खाने के बाद घर की छत पर सोने चला गया था। सुबह परिजनों ने उसे खून से लथपथ हालत में चारपाई पर पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था और उसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


