डेस्क। देश और विदेश में नीट यूजी री-एग्जाम 2026 आज यानी 21 जून को आयोजित की जाएगी। एग्जाम को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अलग-अलग लेवल पर पहले से जांच और निगरानी की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो। यह परीक्षा आज दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा शुरू होने से पहले जरूरी निर्देशों और अन्य औपचारिकताओं के लिए उम्मीदवारों को एक्स्ट्रा 15 मिनट का समय भी दिया जाएगा। एजेंसी ने कहा है कि परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए देशभर में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
टेलीग्राम पर बैन
सुरक्षा के लिहाज से नीट यूजी री-एग्जाम से पहले सरकार ने परीक्षा पूरी होने तक टेलीग्राम ऐप पर प्रतिबंध लगाया है। अधिकारियों का मानना है कि पिछले मामलों में पेपर लीक के लिए इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया था, इसलिए परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
भारतीय वायु सेना की ली गई है मदद
वहीं, इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए भारतीय वायु सेना (IAF) की भी मदद ली गई है। 13 जून से IAF के परिवहन विमान और Mi-17 हेलीकॉप्टर देशभर के 18 निर्धारित वितरण केंद्रों तक सीलबंद प्रश्नपत्र पहुंचाने में लगे हुए हैं। इसके बाद इन प्रश्नपत्रों को कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक भेजा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवस्था 21 जून को होने वाली री-NEET परीक्षा से पहले प्रश्नपत्रों की सुरक्षित और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
1.38 सीसीटीवी कैमरे
बता दें कि नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम देश के 551 शहरों में मौजूद 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा अंग्रेजी सहित 12 भारतीय भाषाओं में होगी। इस बार 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। NTA के अनुसार, परीक्षा 95 हजार से अधिक कमरों में कराई जाएगी और सभी कमरों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए कुल 1.38 लाख से ज्यादा CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन कैमरों की लाइव फीड राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर लगातार मॉनिटर की जाएगी, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
51 हजार से अधिक जैमर
वहीं, NTA के मुताबिक परीक्षा केंद्रों पर कुल 13,560 CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जाएगी। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से होने वाली किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल को रोकने के लिए 51311 जैमर तैनात किए गए हैं। इनमें 17054 जैमर ECIL और 34,257 जैमर BEL द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।
एक्स्ट्रा कर्मचारी
परीक्षा की निगरानी को मजबूत बनाने के लिए हर परीक्षा कक्ष में दो इनविजिलेटर तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा, हर परीक्षा केंद्र पर 10 से अधिक एक्स्ट्रा कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे, जो परीक्षा संचालन में सहायता करेंगे। सभी 5,440 परीक्षा केंद्रों पर एक सेंटर सिस्टम्स ऑफिसर (CSO) नियुक्त किया गया है। इनकी जिम्मेदारी CCTV निगरानी पर नजर रखने और किसी भी तकनीकी समस्या का तुरंत समाधान करने की होगी।
AI से मॉनिटरिंग
NTA ने देशभर के परीक्षा केंद्रों पर करीब 6,700 ऑब्जर्वर्स की तैनाती की है। वहीं, 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर्स केंद्रीय स्तर पर लाइव CCTV फीड की निगरानी करेंगे। एजेंसी के अनुसार, CCTV फुटेज का विश्लेषण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक की मदद से भी किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता का तुरंत पता लगाया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि निगरानी की यह अतिरिक्त व्यवस्था ऐसी गतिविधियों का भी पता लगाने में मदद करेगी, जो सामान्य निगरानी के दौरान नजर से छूट सकती हैं।


