नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले छह भारतीय सैन्यकर्मियों के नाम पहली बार आधिकारिक रूप से सार्वजनिक कर दिए हैं। एक वर्ष तक गोपनीय रखी गई इन वीर जवानों की पहचान अब राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में शामिल कर दी गई है तथा नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की दीवार पर भी उनके नाम अंकित किए गए हैं।
सरकार ने ऑपरेशन के दौरान हुई सैन्य क्षति को पहले सार्वजनिक नहीं किया था। अब शहीदों के नाम सामने आने के साथ ही देश ने उनके सर्वोच्च बलिदान को औपचारिक रूप से नमन किया है। यह पहली बार है जब ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों की पहचान सार्वजनिक की गई है।
ऑपरेशन सिंदूर मई 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया था। इस अभियान के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाया था।
शहीदों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के अभिलेख में दर्ज किए जाने को उनके अद्वितीय साहस और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का औपचारिक सम्मान माना जा रहा है। इस कदम के साथ देश ने उन वीर सैनिकों के बलिदान को स्थायी रूप से राष्ट्रीय स्मृति का हिस्सा बना दिया है।


