प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की गला घोंटकर हत्या, वारदात के बाद दोनों फरार

0
1

डेस्क : उत्तर प्रदेश के जौनपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के भलुआही वार्ड संख्या आठ में एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पत्नी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।

मृतक के पिता लालजी गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनका 27 वर्षीय बेटा चंद्रदीप शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोया था। आरोप है कि रात करीब 11 बजे के बाद उसकी पत्नी वंदना ने अपने प्रेमी राजेश कुमार के साथ मिलकर गमछे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पत्नी वंदना और उसके प्रेमी राजेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पांडेय के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।