संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, इलाके में मची सनसनी

0
7

डेस्क : पंजाब के संगरूर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना उप्पली रोड स्थित भाजपा कार्यालय की है, जहां रविवार देर रात असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंककर कार्यालय को निशाना बनाया। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार, हमलावर ने बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर उसे पेट्रोल बम के रूप में इस्तेमाल किया और भाजपा कार्यालय की बाहरी दीवार की ओर फेंक दिया। बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार देर रात करीब तीन बजे हुई। बोतल दीवार से टकराकर फूट गई, जिसके बाद वहां आग लग गई।

सोमवार सुबह भाजपा कार्यकर्ता जब कार्यालय खोलने पहुंचे, तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।