राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा आरोप, बोले- पहले हड्डियां तोड़ीं, अब आवाज दबाने की कोशिश

0

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि Gen Z को डराकर खामोश नहीं कराया जा सकता।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह, आप Gen Z को धमकाकर चुप नहीं करा सकते।” उन्होंने आरोप लगाया कि पहले छात्रों पर कार्रवाई की गई और अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही हैं तथा सोशल मीडिया अकाउंट हटाए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “आप भारत का अतीत हैं। ध्यान रखिए कि आप भारत के भविष्य के साथ कैसा व्यवहार करते हैं।”

इससे पहले गुरुवार को राहुल गांधी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक स्वतंत्र उच्चस्तरीय समिति गठित करने की मांग की थी।

राहुल गांधी ने कहा था कि छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और प्रदर्शनकारियों पर कथित बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें कथित तौर पर पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में एक सादे कपड़ों में मौजूद व्यक्ति द्वारा तिरंगा लिए एक छात्र को सड़क पर गिराने का दृश्य भी दिखाई देने का दावा किया गया है।

इस मुद्दे को लेकर गुरुवार को विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद परिसर के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। INDIA ब्लॉक के सांसदों ने जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई और अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को मिले चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग की।

प्रदर्शनकारी सांसदों ने तख्तियां लेकर सवाल उठाया कि जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश किसने दिए। उन्होंने सरकार से छात्रों पर कथित बल प्रयोग और मंदिर चंदे से जुड़े आरोपों पर जवाब देने की मांग की।

यह विरोध प्रदर्शन उस समय हुआ, जब राज्यसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा और पारित किए जाने की तैयारी थी।