इंडोनेशिया में बड़ा हादसा, 250 यात्रियों से भरी फेरी में लगी आग; 5 की मौत, 41 लापता

0

डेस्क : इंडोनेशिया में रविवार को एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। पूर्वी जावा के मदुरा द्वीप के पास करीब 250 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही यात्री फेरी ‘केएमपी मुतियारा सेंटोसा 2’ में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है।

सुराबाया से मकासर जा रही थी फेरी

अधिकारियों के मुताबिक फेरी सुराबाया के तंजुंग पेराक पोर्ट से सुलावेसी द्वीप के मकासर की ओर जा रही थी। यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद कप्तान ने जहाज में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद फेरी से रेडियो और नेविगेशन संपर्क टूट गया। बचाव अधिकारियों ने बताया कि जलता हुआ जहाज सापुदी द्वीप से करीब 19 समुद्री मील उत्तर में मिला।

जान बचाने के लिए समुद्र में कूदे यात्री

फेरी में आग लगने के बाद देखते ही देखते उससे काला धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं। कई यात्री लाइफ जैकेट पहनकर जहाज के अगले हिस्से और ब्रिज की ओर पहुंच गए। आग से बचने के लिए कुछ यात्रियों ने समुद्र में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद दूसरे जहाजों ने तुरंत बचाव अभियान में हिस्सा लिया।

चार जहाज बचाव अभियान में जुटे

सुराबाया सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख नानांग सिगिट के अनुसार, टीबी हसनूर 26 और ब्रिटिश मेंटर समेत कई जहाज यात्रियों को बचाने में जुटे हैं। चार बड़े जहाज जलती फेरी के पास पहुंच चुके हैं। इसके अलावा मुख्य बचाव पोत एसएआर 249 परमादी को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, बचाव पोत को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब छह घंटे लग सकते हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है और आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।