भारत के नक्शे से नॉर्थईस्ट गायब, लवलीना का फूटा गुस्सा; रेस्टोरेंट को लगाई लताड़

0

स्पोर्ट्स डेस्क :  कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाली भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को ग्लासगो के एक रेस्टोरेंट में भारत का गलत नक्शा देखकर निराशा हुई। रेस्टोरेंट में रखे नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे में उत्तर-पूर्वी राज्यों को गायब दिखाया गया था। लवलीना ने इस पर नाराजगी जताते हुए रेस्टोरेंट प्रबंधन से भविष्य में भारत का सही नक्शा इस्तेमाल करने का अनुरोध किया।

नैपकिन और रेस्टोरेंट के बाहर भी दिखा गलत नक्शा

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद उनके सम्मान में ग्लासगो के ‘मिस्टर सिंह्स इंडिया- द होम ऑफ करी’ रेस्टोरेंट में रात्रिभोज का आयोजन किया गया था। इसी दौरान लवलीना की नजर नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे पर पड़ी। उन्होंने पाया कि उसमें नॉर्थईस्ट का हिस्सा नहीं दिखाया गया था।

लवलीना ने बताया कि केवल नैपकिन ही नहीं, बल्कि रेस्टोरेंट के बाहर लगे नक्शे में भी उत्तर-पूर्वी भारत को सही तरीके से नहीं दर्शाया गया था। असम से आने वाली लवलीना ने कहा कि नॉर्थईस्ट से होने के नाते यह देखकर उन्हें काफी दुख और निराशा हुई।

रेस्टोरेंट प्रबंधन ने मांगी माफी

मामले की जानकारी मिलने के बाद लवलीना और भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने रेस्टोरेंट प्रबंधन के सामने आपत्ति दर्ज कराई। अजय सिंह के मुताबिक, रेस्टोरेंट प्रबंधन ने गलती के लिए माफी मांगी और सही नक्शे वाले नए नैपकिन मंगाने की बात कही।

उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट को इस गलती के बारे में बताना जरूरी था और उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।

लवलीना ने पदक असम के लोगों को समर्पित किया

कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतने वाली लवलीना ने अपना पदक असम के लोगों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि असम में बाढ़ की स्थिति से वह बेहद दुखी हैं। बाढ़ से प्रभावित लोगों के साथ उस समय मौजूद नहीं रह पाने का उन्हें अफसोस है।

अधिकारियों के अनुसार, असम में बाढ़ से सात जिले प्रभावित हुए हैं और करीब 1.78 लाख लोग इससे प्रभावित हैं। लवलीना ने कहा कि वह अपना पदक बाढ़ प्रभावित लोगों को समर्पित करती हैं।