वाइस एडमिरल आलोक आनंद बने भारतीय नौसेना अकादमी के 13वें कमांडेंट

0

डेस्क : भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए), एझिमाला में शनिवार को नेतृत्व परिवर्तन हुआ। वाइस एडमिरल आलोक आनंद, वाईएसएम ने भारतीय नौसेना अकादमी के 13वें कमांडेंट के रूप में पदभार संभाल लिया। उन्होंने वाइस एडमिरल मनीष चड्ढा, एवीएसएम, वीएसएम का स्थान लिया। चड्ढा के कार्यकाल को दूरदर्शी नेतृत्व, उच्च पेशेवर मानकों और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता है।

भारतीय नौसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वाइस एडमिरल आलोक आनंद नौसेना अकादमी, गोवा के पूर्व छात्र रहे हैं। वे नेविगेशन एंड डायरेक्शन विशेषज्ञ हैं। उन्होंने डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (डीएसएससी), वेलिंगटन से स्टाफ कोर्स तथा थाईलैंड के नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) से नेशनल डिफेंस कोर्स पूरा किया है।

एक जुलाई 1993 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त करने वाले वाइस एडमिरल आलोक आनंद का तीन दशक से अधिक का विशिष्ट सैन्य करियर रहा है। इस दौरान उन्होंने परिचालन, प्रशिक्षण और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे युद्धपोत आईएनएस घोरपड़ और आईएनएस सतपुड़ा की कमान भी संभाल चुके हैं।

प्रशिक्षण क्षेत्र में भी उनका व्यापक अनुभव रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़गवासला, नेविगेशन एंड डायरेक्शन स्कूल, कोच्चि तथा डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन में प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दी हैं।

नौसेना मुख्यालय में भी वाइस एडमिरल आनंद ने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। इनमें कमोडोर नेवल ऑपरेशंस तथा असिस्टेंट चीफ ऑफ नेवल स्टाफ (पॉलिसी एंड प्लान्स) जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।

उनकी विशिष्ट सेवाओं को देखते हुए वर्ष 2016 में उन्हें युद्ध सेवा मेडल (वाईएसएम) से सम्मानित किया गया। भारतीय नौसेना अकादमी के कमांडेंट का पद संभालने से पहले वे विशाखापत्तनम स्थित प्रतिष्ठित ईस्टर्न फ्लीट के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग के रूप में कार्यरत थे।

वाइस एडमिरल आलोक आनंद के नेतृत्व में अब भारतीय नौसेना अकादमी में प्रशिक्षण, अनुशासन और पेशेवर उत्कृष्टता के नए आयाम जुड़ने की उम्मीद है।