बरी होने के बाद गोंडा पहुंचे बृजभूषण, समर्थकों ने किया शक्ति प्रदर्शन

0

डेस्क  :  महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में अदालत से बरी होने के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को पहली बार अपने गृह जिले गोंडा पहुंचे। यहां उन्होंने बड़े काफिले के साथ पहुंचकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। नंदिनी नगर स्थित कॉलेज में उनके समर्थन में ‘सत्यमेव जयते’ समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक, साधु-संत और स्थानीय लोग पहुंचे।

बृजभूषण शरण सिंह दिल्ली से विमान के जरिए अयोध्या पहुंचे। वहां समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद वह हनुमानगढ़ी पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। यहां से वह खुले वाहन में समर्थकों के लंबे काफिले के साथ गोंडा के लिए रवाना हुए। रास्ते में कई जगह लोगों ने उनका स्वागत किया।

‘मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता’

नंदिनी नगर में आयोजित समारोह में बृजभूषण शरण सिंह ने अपने संबोधन की शुरुआत शायरी से की। उन्होंने कहा, “मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता, पर इससे मेरे किरदार का कत्ल हो जाता।”

उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर जिस तरह का आंदोलन हुआ, वैसा आंदोलन उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने इस दौरान अपने साथ खड़े रहे लोगों के समर्थन का भी उल्लेख किया।

संतों ने दिया आशीर्वाद

कार्यक्रम में अयोध्या से पहुंचे कई साधु-संतों ने बृजभूषण शरण सिंह को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तिगत और राजनीतिक जीवन में संतों का सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहा है।

समारोह में भोजपुरी कलाकारों ने गीत-संगीत प्रस्तुत किए। थारू जनजाति की बेटियों ने पारंपरिक समूह नृत्य भी पेश किया।

बोले- सत्य की जीत हुई

हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद गोंडा पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह के साथ उनके बेटे और गोंडा के विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह भी मौजूद रहे। भारी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी पर उन्होंने कहा कि लोगों में उत्साह है और सत्य की जीत हुई है।

दिल्ली की अदालत ने 3 अगस्त को बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में बरी कर दिया था। मामले में उनके साथ विनोद तोमर को भी बरी किया गया।