चीन को टक्कर देने के लिए ट्रंप ने आयातित ड्रोन पर 100% तक टैरिफ का ऐलान किया

0

वॉशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर निर्भरता कम करने और घरेलू ड्रोन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ड्रोन और उनके कलपुर्जों के आयात पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की घोषणा की है। व्हाइट हाउस के अनुसार, यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत 25 किलोग्राम से अधिक वजन वाले और थर्मल इमेजर तथा डॉकिंग स्टेशन जैसी राष्ट्रीय सुरक्षा क्षमताओं से लैस कुछ मानव रहित विमान प्रणालियों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा। वहीं, छोटे ड्रोन पर 25 प्रतिशत टैरिफ लागू होगा। अधिकांश नए शुल्क 3 सितंबर से प्रभावी होंगे।

अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि इन शुल्कों का उद्देश्य देश में ड्रोन और उनके कलपुर्जों का उत्पादन बढ़ाना तथा विदेशी आपूर्ति शृंखलाओं पर निर्भरता कम करना है।

चीन की कंपनी डीजेआई (DJI), जिसकी स्थापना 2006 में हुई थी, पिछले कुछ वर्षों में वैश्विक ड्रोन बाजार के दो-तिहाई से अधिक हिस्से पर कब्जा बनाए हुए है। ऐसे में अमेरिकी कदम का सीधा असर चीन की ड्रोन कंपनियों पर पड़ने की संभावना है।

इससे पहले पिछले सप्ताह चीन ने अमेरिका को ड्रोन निर्यात पर प्रतिबंध कड़े करते हुए छह अमेरिकी कंपनियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया था। चीन ने यह कार्रवाई अमेरिका द्वारा श्रम और राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर लगाए गए व्यापार प्रतिबंधों के जवाब में की थी। इससे कुछ दिन पहले ही अमेरिका ने चीन समेत 59 देशों पर नए टैरिफ लगाए थे।