लखनऊ : मोहनलालगंज के सिसेंडी क्षेत्र में शुक्रवार को शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे बेटे को रोकना एक बुजुर्ग पिता को भारी पड़ गया। डांट से नाराज बेटे ने चाकू से पिता की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सिसेंडी के उत्तरगांव निवासी बाबूलाल (60) का बेटा शिव कुमार शुक्रवार को शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। पिता ने उसे ऐसा करने से मना किया। उन्होंने कहा कि घर में मां, बहू और बेटी मौजूद हैं, इसलिए गाली देना ठीक नहीं है।
पिता की डांट से नाराज शिव कुमार घर के भीतर गया और वहां से चाकू लेकर आया। आरोप है कि उसने चाकू से बाबूलाल की गर्दन पर वार कर दिया। हमले में बाबूलाल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद शिव कुमार मौके से भाग गया।
छोटे बेटे ने अस्पताल पहुंचाया
पिता को लहूलुहान देखकर छोटे बेटे अजीत ने शोर मचाया। पड़ोसियों की मदद से वह बाबूलाल को मोहनलालगंज के एक निजी अस्पताल ले गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
परिवार और ग्रामीणों के मुताबिक, शिव कुमार को शराब पीने की आदत है और वह अक्सर नशे में गाली-गलौज और झगड़ा करता था।
आरोपी की तलाश में पुलिस
मोहनलालगंज पुलिस को घटना की सूचना दी गई है। इंस्पेक्टर रामबाबू के मुताबिक, अभी घायल या परिवार की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार आरोपी फिलहाल फरार है और शिकायत मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।








