बेंगलुरु डबल मर्डर: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति और 4 साल के बेटे की हत्या की

0

डेस्क : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पति और चार साल के मासूम बेटे की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। चिक्काबनावारा इलाके में 36 वर्षीय अभिनंदन और उसके चार वर्षीय बेटे यदुवीर की घर में हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी 26 वर्षीय ए हरिणी और उसके कथित प्रेमी विनय कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, हरिणी और विनय की करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों ने कथित तौर पर अभिनंदन की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस आर्थिक और निजी दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

CCTV बंद कर घर में दाखिल हुआ प्रेमी

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे घर के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे। करीब 11 बजे विनय कथित तौर पर हरिणी के इशारे पर घर में दाखिल हुआ। उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया था।

बताया जा रहा है कि अभिनंदन पर उस समय हमला किया गया जब वह बाथरूम में था। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने उस पर हमला किया और उसका सिर दीवार से पटका। इसके बाद विनय ने कथित तौर पर उसका गला दबा दिया।

पिता की हत्या देख जाग गया मासूम

हमले के दौरान शोर सुनकर चार वर्षीय यदुवीर जाग गया और बाथरूम की ओर पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, बच्चे ने अपने पिता पर हमला होते देख लिया था। इसके बाद उसे बेडरूम में ले जाया गया।

पुलिस का कहना है कि बाद में दोनों आरोपियों ने बच्चे को भी मारने का फैसला किया। हालांकि, बच्चे की हत्या किसने की, इसे लेकर दोनों आरोपियों के बयान अलग-अलग हैं। हरिणी ने विनय पर आरोप लगाया है, जबकि विनय ने बच्चे की हत्या के लिए हरिणी को जिम्मेदार बताया है।

संपत्ति को लेकर भी जांच

पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे संपत्ति भी एक वजह हो सकती है। शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपियों को लगता था कि अभिनंदन की मौत के बाद हरिणी को परिवार का घर और कुनिगल में करीब तीन एकड़ जमीन मिल सकती है।

पुलिस को फोन करने के बाद पत्नी पर हुआ शक

हरिणी ने सोमवार सुबह करीब सात बजे पुलिस को फोन कर बताया था कि उसका पति और बेटा घर में बेहोश पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। घर में जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले और CCTV भी पहले ही बंद किए जा चुके थे।

जांच में हरिणी के फोन से डिलीट किए गए कॉल लॉग और मैसेज मिले। पूछताछ के दौरान उसके जवाबों में विरोधाभास पाए गए। इसके बाद पुलिस का शक गहराता गया और पूछताछ में उसने कथित तौर पर अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की।

पहले भी घर छोड़ चुकी थी हरिणी

पुलिस को परिवार से पूछताछ में यह भी पता चला कि हरिणी और अभिनंदन के वैवाहिक संबंध तनावपूर्ण थे। रिश्तेदारों के मुताबिक, वह पहले भी कई बार घर छोड़ चुकी थी। करीब चार महीने पहले उसने एक नोट भी छोड़ा था, जिसमें नई जिंदगी शुरू करने की बात कही गई थी। बाद में परिवार के हस्तक्षेप के बाद वह वापस लौट आई थी।

पुलिस ने घटनास्थल से खून साफ करने के लिए इस्तेमाल किया गया कथित कपड़ा भी बरामद किया है। वहीं, वारदात के बाद विनय के अपने घर पहुंचकर मोबाइल फोन चालू करने की जानकारी भी पुलिस जांच में सामने आई है। मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।