प्रयागराज में बारिश बनी आफत, पॉश इलाकों के घरों में घुसा पानी; सड़कें बनीं तालाब

0

प्रयागराज :  लगातार हो रही बारिश ने प्रयागराज में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाकों में बारिश का पानी 48 घंटे बाद भी नहीं निकल पाया है। हालात ऐसे हैं कि पॉश जॉर्जटाउन से लेकर करेली, अल्लापुर और टैगोरटाउन तक कई सड़कें पानी में डूबी हुई हैं। कई घरों में दोबारा पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्मार्ट सिटी की व्यवस्था पर उठे सवाल

बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले वर्षों में भी बारिश के दौरान जलभराव होता था, लेकिन कुछ घंटों में पानी निकल जाता था। इस बार कई इलाकों में दो दिन बाद भी सड़कें तालाब बनी हुई हैं। पॉश जॉर्जटाउन जैसे इलाकों में भी हालात बेहद खराब हैं।

नगर निगम के पास सफाई कर्मियों की व्यवस्था होने के बावजूद आपात स्थिति में अतिरिक्त स्टाफ और पर्याप्त क्विक रिस्पांस टीम की कमी भी सामने आई। इसके चलते कई ऐसे इलाके भी जलभराव की चपेट में आ गए, जहां आमतौर पर पानी नहीं भरता था।

कई इलाकों में घरों में घुसा पानी

करेली के गौसनगर, जेके आशियाना, गड्ढा कॉलोनी, करेलाबाग, मुंडेरा, मीरापट्टी, हरवारा, जाफरी कॉलोनी, रामबाग, टैगोरटाउन, एलआईसी कॉलोनी, अल्लापुर, बाघंबरी, जॉर्जटाउन, बहादुरगंज, मुट्ठीगंज, लूकरगंज, काटजू रोड और राजरूपपुर समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। कई परिवारों के घरों में लगातार पानी भरा रहा।

करेली के कुछ हिस्सों में पानी करीब छह फीट तक पहुंच गया। सड़कों और घरों के गैराज में खड़े वाहन पानी में डूबे रहे। कई परिवारों को रात जागकर गुजारनी पड़ी और लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया।

गंगा पथ पर पानी में डूबी एसयूवी

दारागंज में बक्शी बांध के पास मंगलवार सुबह गंगा पथ पर बाढ़ के पानी में एक एसयूवी अचानक डूबने लगी। वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लोगों के बाहर निकलने के बाद एसयूवी पूरी तरह पानी में डूब गई।

पहले भी सामने आई थी राहत-बचाव की जरूरत

बारिश और जलभराव के बीच करेली क्षेत्र में अल ताहिरा मस्जिद एवं मदरसे में फंसे 35 बच्चों समेत 50 लोगों को एनडीआरएफ ने मोटर बोट की मदद से सुरक्षित निकाला था। वहीं एक अन्य इलाके में घरों में फंसे 26 लोगों को भी बाहर निकाला गया।

आगे भी भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज में आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में पहले से जलभराव से जूझ रहे शहर के सामने स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। लगातार पानी जमा रहने से लोगों की परेशानी बढ़ने के साथ-साथ यातायात और सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।

प्रयागराज में बने मौजूदा हालात ने जलनिकासी व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और बारिश से पहले की तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।