डेस्क : सरायइनायत थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव में गुरुवार को एक युवक ने कथित तौर पर अपने परिचित की पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। महिला की चार साल की बेटी के सामने हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 26 वर्षीय उषा के रूप में हुई है। वह अपने पति दिनेश और चार साल की बेटी के साथ मुंबई में रहती थी। कुछ समय पहले परिवार प्रयागराज आया था और जैतपुर गांव में किराए के कमरे में रह रहा था। घटना के समय उसका पति गांव गया हुआ था और महिला अपनी बेटी के साथ घर में अकेली थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आशीष पिछले कुछ समय से उषा पर उसके साथ गुजरात चलने का दबाव बना रहा था। वह महिला से उसके पति और बेटी को छोड़कर उसके साथ रहने के लिए कह रहा था। उषा ने इसका विरोध किया और आरोपी को फटकार लगाते हुए उसके पति को इस बारे में बताने की बात कही थी। इससे नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची।
आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आशीष चाकू लेकर उषा के कमरे पर पहुंचा। उस समय वह खाना बना रही थी। आरोपी ने पीछे से उसका सिर पकड़ा और चाकू से उसका गला रेत दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
बाजार से खरीदा था चाकू
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वारदात से पहले हनुमानगंज बाजार से सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पता था कि महिला का पति घर पर नहीं है और वह अपनी बेटी के साथ अकेली है।
रोते हुए घर से निकली बच्ची
घटना के करीब एक घंटे बाद चार साल की बच्ची रोते हुए घर से बाहर निकली। आसपास के लोगों ने जब उससे पूछताछ की तो हत्या की जानकारी सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और बच्ची से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और आरोपी की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।








