पापा विधायक हैं हमारे!” दर्शन को लेकर विवाद, महिला पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़

0

बेंगलुरु :  कर्नाटक के मांड्या जिले में मंदिर में दर्शन को लेकर हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। तुमकुरु ग्रामीण सीट से भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या पर महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ मारने और ड्यूटी में बाधा डालने का आरोप है। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है।

घटना 12 अगस्त की रात श्रीरंगपट्टना तालुक के अराथी उक्कड़ा मंदिर में भीम अमावस्या के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस की विशेष तैनाती की गई थी। महिला सब-इंस्पेक्टर सविता पाटिल भी सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी पर थीं।

दर्शन को लेकर हुआ विवाद

पुलिस शिकायत के मुताबिक, ऐश्वर्या बिना कतार में इंतजार किए गर्भगृह में दर्शन करना चाहती थीं। पुलिसकर्मी ने उन्हें भीड़ और अन्य श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इंतजार करने को कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद ऐश्वर्या ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी के साथ दुर्व्यवहार किया और उसे थप्पड़ मार दिया।

महिला पुलिसकर्मी की शिकायत के आधार पर क्याथानाहल्ली थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट, चोट पहुंचाने, अपमान और धमकी से संबंधित आरोप लगाए गए हैं।

विधायक ने मांगी माफी

विवाद के बीच भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने अपनी बेटी के व्यवहार के लिए माफी मांगी है। विधायक का कहना है कि उनकी बेटी ने बताया था कि पुलिस अधिकारी ने उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी ने गलती की है तो वह गलत है और कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, ऐश्वर्या की ओर से भी पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत दी गई है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस शिकायत पर अलग से FIR दर्ज नहीं की गई है।

CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। अब पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई पर नजर है।