गुरमीत राम रहीम को फिर 21 दिन की फरलो, 17वीं बार जेल से बाहर

0

रोहतक :  डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर 21 दिन की फरलो मिली है। मंगलवार सुबह करीब 6:05 बजे उसे रोहतक की सुनारिया जेल से रिहा किया गया। रिहाई के बाद वह कड़ी सुरक्षा के बीच सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय के लिए रवाना हुआ।

राम रहीम दो महिला अनुयायियों से दुष्कर्म के मामले में 20 साल की सजा काट रहा है। अगस्त 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद उसे सुनारिया जेल भेजा गया था। इसके अलावा हत्या के एक मामले में भी उसे दोषी ठहराया जा चुका है।

राम रहीम की यह 17वीं पैरोल या फरलो है। वर्ष 2020 से अब तक उसे अलग-अलग मौकों पर पैरोल और फरलो के जरिए कई बार अस्थायी रिहाई मिल चुकी है। इनमें कुछ रिहाइयां कुछ घंटों की रही हैं, जबकि कुछ मौकों पर उसे कई सप्ताह के लिए जेल से बाहर आने की अनुमति मिली।

इससे पहले 26 जून 2026 को राम रहीम 30 दिन की पैरोल पूरी करने के बाद जेल लौटा था। जनवरी 2026 में भी उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी। अब करीब दो महीने बाद उसे फिर 21 दिन की फरलो दी गई है।

राम रहीम को बार-बार पैरोल और फरलो मिलने का मामला लंबे समय से चर्चा में रहा है। ताजा रिहाई के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई।