डेस्क : अभिनेत्री कृति सेनन की रक्षा बंधन से जुड़ी एक ज्वैलरी एड को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग के बाद ज्वैलरी ब्रांड GIVA ने विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया है।
यह विज्ञापन 20 जुलाई को सोशल मीडिया पर जारी किया गया था। इसमें कृति सेनन के पहनावे को लेकर कई यूजर्स ने आपत्ति जताई। कुछ लोगों ने इसे रक्षा बंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के अनुरूप नहीं बताया। विवाद बढ़ने के बाद अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी कृति के आउटफिट पर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की।
कृति सेनन ने ट्रोलिंग का दिया जवाब
विवाद के बीच कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि त्योहारों का महत्व केवल कपड़ों से तय नहीं होता, बल्कि परंपराओं के प्रति भावनाओं और उनके महत्व से होता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि महिलाओं को बार-बार यह बताने की कोशिश क्यों की जाती है कि उन्हें क्या पहनना चाहिए।
कृति ने कहा कि संस्कृति और परंपराएं केवल पहनावे से नहीं, बल्कि व्यक्ति के मन और भावनाओं से जुड़ी होती हैं।
राहुल गांधी ने किया कृति का समर्थन
विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कृति सेनन के समर्थन में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कृति की पोस्ट को शेयर करते हुए कहा कि महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है। उन्होंने ऑनलाइन आलोचकों से महिलाओं को उनकी पसंद के लिए निशाना नहीं बनाने की अपील की।
GIVA ने क्यों हटाया विज्ञापन?
विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने बयान जारी कर कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करता है। ब्रांड ने कहा कि यदि विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं अनजाने में आहत हुई हैं तो ऐसा करना उसका उद्देश्य नहीं था। लोगों की भावनाओं के सम्मान में विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है।
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर विज्ञापनों में पारंपरिक त्योहारों की प्रस्तुति, महिलाओं के पहनावे और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।








