शुरुआत में मिली आलोचना, फिर बने महानायक; अमिताभ बच्चन ने याद किए पुराने दिन

0

डेस्क : अमिताभ बच्चन ने अपने शुरुआती फिल्मी करियर के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस दौर में उन्हें सेट पर काफी डांट सुननी पड़ती थी। ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के एक विशेष एपिसोड में उन्होंने बताया कि जब वह इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे, तब उनके अभिनय और लंबे कद को लेकर भी सवाल उठाए जाते थे।

दरअसल, इस विशेष एपिसोड में अमिताभ बच्चन के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के स्वर्ण पदक विजेता लवलीना बोर्गोहैन, झंडू कुमार, शर्मिला धंकर और अस्मिता डे मौजूद थीं। बातचीत के दौरान अस्मिता डे ने बिग बी से पूछा कि क्या कलाकारों को भी शूटिंग के दौरान अपनी गलतियों के लिए निर्देशकों से डांट सुननी पड़ती है।

इस पर अमिताभ बच्चन ने अपने शुरुआती दिनों का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें काफी डांट पड़ती थी और उनसे कहा जाता था कि उन्हें अभिनय नहीं आता। उनके लंबे कद को लेकर भी उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा और यहां तक कहा गया कि वे घर चले जाएं।

अमिताभ बच्चन ने यह भी बताया कि उस दौर में उन्हें कई तरह की मुश्किलों से गुजरना पड़ा। एक अन्य बातचीत में वह याद कर चुके हैं कि एक निर्देशक ने उन्हें सेट से बाहर जाने तक के लिए कह दिया था। लंबे कद को लेकर भी उन्हें ताने सुनने पड़े थे।

आज वही अमिताभ बच्चन हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित और प्रभावशाली अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उनके संघर्ष की यह कहानी बताती है कि शुरुआती असफलताओं और आलोचनाओं के बावजूद लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।