डेस्क : भोजपुरी अभिनेता और भाजपा नेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने बिहार में फिल्म सिटी के निर्माण का समर्थन करते हुए कहा कि इससे राज्य को फिल्म जगत में नई पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बिहार में फिल्म सिटी के साथ एक फिल्म संस्थान स्थापित किए जाने की भी आवश्यकता बताई।
मीडिया से बातचीत में ‘निरहुआ’ ने कहा कि बिहार में लंबे समय से फिल्म सिटी बनाने की मांग रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसा फिल्म संस्थान भी होना चाहिए, जहां बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के युवा फिल्म निर्माण से जुड़ी तकनीक और विधाओं का प्रशिक्षण ले सकें। प्रशिक्षण के बाद वे क्षेत्रीय भाषाओं में बेहतर फिल्मों का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के बल पर देश-दुनिया में पहचान बनाई है। इसी तरह बिहार की भाषाओं और यहां की सांस्कृतिक विरासत को भी फिल्मों के माध्यम से व्यापक पहचान मिलनी चाहिए।
‘निरहुआ’ ने फिल्म सिटी को बिहार के लोगों का सपना बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में फिल्म सिटी और फिल्म संस्थान के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उनके मुताबिक, यह पहल बिहार के युवाओं के लिए फिल्म और मनोरंजन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर सकती है।
गौरतलब है कि दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ का हिस्सा हैं। शो में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव भी शामिल हैं।
प्रेस नोट के अनुसार, ‘भोजपुरी बवाल’ में पहली बार ‘फॉलो रियलिटी’ फॉर्मेट पेश किया गया है। इसमें न तो प्रतियोगिता के पारंपरिक टास्क हैं, न एलिमिनेशन और न ही कृत्रिम ड्रामा। कैमरे कलाकारों की रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से देखते हैं और दर्शकों को पर्दे पर नजर आने वाली शख्सियतों के पीछे के वास्तविक व्यक्तित्व से परिचित कराते हैं।








