मोहन भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम पर ममदानी के रुख से बढ़ा विवाद, मैरी मिलबेन ने साधा निशाना

0

डेस्क : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत के न्यूयॉर्क स्थित मैडिसन स्क्वायर गार्डन में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी द्वारा कार्यक्रम का समर्थन नहीं किए जाने के बाद अमेरिकी सिंगर एवं अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने उन्हें निशाने पर लिया है।

मैरी मिलबेन ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि ममदानी और उनके समर्थक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भारतीय जनता पार्टी के विरोध के कारण मोहन भागवत के कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैडिसन स्क्वायर गार्डन एक निजी स्थल है और कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय उसके संचालन से जुड़े लोग करेंगे।

मिलबेन ने ममदानी को सलाह देते हुए कहा कि यदि वे इस आयोजन का विरोध करना चाहते हैं तो स्वयं धन जुटाकर मैडिसन स्क्वायर गार्डन किराये पर लें और अपनी रैली आयोजित करें। उन्होंने कार्यक्रम के नाम ‘Oneness’ की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इसमें भारत में धार्मिक स्वतंत्रता जैसे विषयों पर सार्थक संवाद भी होगा।

ममदानी ने कार्यक्रम का समर्थन करने से किया इनकार

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने मंगलवार को कहा था कि वह 29 अगस्त को होने वाले उस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, जिसमें मोहन भागवत भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह एक निजी कार्यक्रम है और इसे रद्द करने का अधिकार नगर प्रशासन के पास है या नहीं, यह उन्हें स्पष्ट नहीं है।

ममदानी ने कहा कि भारत को लेकर उनके परिवार से मिली समझ एक बहुलतावादी और धर्मनिरपेक्ष गणराज्य की रही है। उन्होंने ऐसे किसी भी आंदोलन के उभार को चिंताजनक बताया, जो उनके अनुसार समाज के कुछ वर्गों को अलग-थलग करता है।

29 अगस्त को कार्यक्रम

मोहन भागवत RSS के शताब्दी वर्ष के तहत वैश्विक संपर्क कार्यक्रमों के सिलसिले में अमेरिका पहुंचे हैं। न्यूयॉर्क में वे Universal Oneness Celebration कार्यक्रम में शामिल होंगे और 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन में भारतीय प्रवासी समुदाय के बीच संबोधन करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार कार्यक्रम में करीब 5,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम को लेकर जहां ममदानी के बयान के बाद राजनीतिक बहस तेज हुई है, वहीं अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन की प्रतिक्रिया ने विवाद को और चर्चा में ला दिया है।