एशियन गेम्स: जापान को रौंदकर भारत सेमीफाइनल में

0

स्पोर्ट्स डेस्क :  एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। क्वार्टर फाइनल में जापान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 57 रन पर सिमट गई। भारत ने 58 रन के लक्ष्य को केवल 5 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। शेफाली वर्मा ने 15 गेंदों पर 40 रन की तूफानी पारी खेलकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया।

टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जापान की टीम ने शुरुआती ओवरों में संभलकर बल्लेबाजी की। पावरप्ले में उसने बिना विकेट गंवाए 24 रन बनाए, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शिकंजा कस दिया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से जापान की पूरी टीम 57 रन पर पवेलियन लौट गई।

भारत की ओर से श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। उनके प्रभावी प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जापानी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। शेफाली वर्मा ने महज 15 गेंदों में 40 रन बनाकर मैच को पावरप्ले के भीतर ही लगभग खत्म कर दिया। भारतीय टीम ने पांच ओवर में 58 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

सेमीफाइनल में बांग्लादेश से मुकाबला

इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट के अंतिम चार में प्रवेश कर लिया है। भारतीय टीम अब 20 सितंबर को सेमीफाइनल में बांग्लादेश का सामना करेगी। दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। मेडल मुकाबले 22 सितंबर को खेले जाएंगे।

ये चार टीमें सेमीफाइनल में

एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट सेमीफाइनल में भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका ने जगह बनाई है। बांग्लादेश और चीन के बीच क्वार्टर फाइनल बारिश और गीले मैदान के कारण नहीं हो सका। इसके बाद सीडिंग के आधार पर बांग्लादेश को सेमीफाइनल में प्रवेश दिया गया। वहीं पाकिस्तान ने थाइलैंड को करीबी मुकाबले में हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। श्रीलंका ने मलेशिया को मात दी, जबकि भारत ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।