विकसित भारत के लक्ष्य पर एनडीए एकजुट, चंद्रबाबू नायडू ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

0

डेस्क : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) एकजुट और मजबूत है। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि भारत में विविधता के बावजूद सभी का लक्ष्य देश का विकास है।

नायडू ने कहा कि काशी ने देश को वैश्विक सोच और विकास की क्षमता रखने वाला नेतृत्व दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और उनके नेतृत्व में किए गए विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में तकनीक के इस्तेमाल, बुनियादी ढांचे और सामाजिक योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है।

उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान टीकाकरण अभियान का भी उल्लेख किया। नायडू ने कहा कि उस समय देश के सामने बड़ी चुनौती थी और बड़े स्तर पर टीकाकरण किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, गरीबों को राशन, आवास और नल से जल जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ के बाद देश ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नदियों को जोड़ने की योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे देश में पानी की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

नायडू ने महाकुंभ के आयोजन और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बालाजी मंदिर के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 10 एकड़ जमीन देने का अनुरोध करने की बात कही।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक स्तर पर सम्मान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ उनके करीब 12 वर्ष पुराने राजनीतिक संबंध हैं और इस दौरान उन्होंने अलग-अलग मौकों पर मोदी से प्रोत्साहन मिलने की बात कही।