मुंबई : प्रभास स्टारर साइंस-फिक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बीच निर्देशक नाग अश्विन ने बड़ा अपडेट दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह था कि फिल्म के दूसरे भाग में दीपिका पादुकोण की जगह कौन नजर आएगा। अब नाग अश्विन ने साफ किया है कि सीक्वल में कोई नया कलाकार जोड़ने की फिलहाल योजना नहीं है।
दीपिका की जगह नहीं आएगा कोई नया चेहरा?
दीपिका पादुकोण ने पहली फिल्म में सुमति यानी SUM-80 का अहम किरदार निभाया था। फिल्म की कहानी में उनका किरदार बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि वह उस बच्चे की मां बनने वाली थीं जिसे कल्कि का अवतार माना जाता है।
दीपिका के सीक्वल से अलग होने के बाद लगातार यह सवाल उठ रहा था कि उनकी जगह किस अभिनेत्री को लिया जाएगा। साई पल्लवी और आलिया भट्ट के नाम को लेकर भी अलग-अलग समय पर चर्चाएं सामने आईं, लेकिन किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
अब निर्देशक नाग अश्विन ने वैरायटी इंडिया से बातचीत में कहा कि सीक्वल में कोई नया कलाकार शामिल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां पहली फिल्म में छोड़ी गई थी और फिल्म में पहले से ही काफी किरदार मौजूद हैं।
सीक्वल में दीपिका के किरदार का क्या होगा?
नाग अश्विन के बयान से यह स्पष्ट होता है कि दीपिका पादुकोण की जगह किसी नई अभिनेत्री को लाने की योजना फिलहाल सामने नहीं आई है। हालांकि, सुमति का किरदार कहानी में किस तरह आगे बढ़ेगा, इसका खुलासा निर्देशक ने नहीं किया है।
मेकर्स ने सितंबर 2025 में आधिकारिक रूप से घोषणा की थी कि दीपिका पादुकोण ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। प्रोडक्शन हाउस वैजयंती मूवीज ने दोनों पक्षों के अलग होने की जानकारी दी थी।
अक्टूबर के मध्य से शुरू होगी शूटिंग
नाग अश्विन ने फिल्म की शूटिंग को लेकर भी जानकारी दी है। उनके मुताबिक, ‘कल्कि 2898 एडी पार्ट 2’ की नियमित शूटिंग अक्टूबर 2026 के मध्य से शुरू होने की योजना है। कलाकारों की तारीखें अब उपलब्ध हैं और टीम शूटिंग को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन और कमल हासन के साथ कुछ हिस्सों की शूटिंग पहले ही की जा चुकी है। अब प्रभास की उपलब्धता भी तय हो गई है। निर्देशक का लक्ष्य अगले साल के मध्य तक शूटिंग पूरी कर पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू करना है।
2028 में रिलीज होने की संभावना
सीक्वल की रिलीज डेट अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं की गई है। हालांकि, नाग अश्विन ने शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन की समयसीमा को देखते हुए 2028 में फिल्म रिलीज होने की संभावना जताई है।
2024 में रिलीज हुई ‘कल्कि 2898 एडी’ में प्रभास, दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और कमल हासन प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म ने भविष्य की दुनिया और पौराणिक कथाओं को जोड़ते हुए कहानी पेश की थी और दुनियाभर में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था।








