डेस्क : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के त्रिशूलापट्टी इलाके में रविवार शाम भाजपा के एक बूथ स्तर के कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय चंदन भल्ला के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, रविवार शाम चंदन भल्ला के मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। फोन पर बातचीत के बाद वह घर से बाहर निकले। कुछ समय बाद उनकी गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना सामने आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज भुंदेश ने बताया कि शुरुआती जांच में गोली लगने से मौत की बात सामने आई है। मौत के सही कारण और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद भाजपा के बोलपुर सांगठनिक जिले के अध्यक्ष श्यामापद मंडल ने चंदन भल्ला को पार्टी का पुराना और सक्रिय कार्यकर्ता बताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस हत्या के पीछे राजनीतिक विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।








