आजम खान पर शिवपाल के ऐलान से गरमाई यूपी की सियासत, योगी ने साधा निशाना

0

लखनऊ :  समाजवादी पार्टी के सत्ता में आने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने के शिवपाल यादव के ऐलान को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को लखनऊ में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिना आजम खान का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में एक बार फिर दंगा कराने की साजिश रची जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विपक्ष की यह सोच बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने की पैरोकारी की जा रही है, उन्हीं को सरकार बनने पर गृह मंत्री बनाने की बात कही जा रही है। योगी ने कहा कि विपक्ष को भी पता है कि वह सत्ता में नहीं आने वाला, लेकिन उसकी सोच चिंता का विषय है।

मुजफ्फरनगर और सहारनपुर दंगों का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के दंगों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को ऐसी राजनीति से सबक लेने की जरूरत है।

कांग्रेस और सपा पर भी निशाना

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर विभाजन की राजनीति को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्ता के लालच में देश का विभाजन हुआ और आज भी कुछ राजनीतिक दल वोट बैंक की राजनीति के कारण गंभीर मुद्दों पर चुप रहते हैं।

बांग्लादेश में दलित हिंदुओं पर हुए अत्याचार का जिक्र करते हुए योगी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि वोट बैंक खिसकने के डर से ऐसे मुद्दों पर चुप्पी साधी जाती है।

नागरिकों से सजग रहने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश विरोधी ताकतें अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल कर अराजकता फैलाने की कोशिश कर सकती हैं। उन्होंने लोगों से सजग रहने और नई पीढ़ी को देश के विभाजन तथा उसके पीछे की परिस्थितियों की जानकारी देने की अपील की।

मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब शिवपाल यादव के आजम खान को लेकर किए गए ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।