भारत की बेटियों का धमाका, जिम्बाब्वे को हराकर टी20 सीरीज पर जमाया कब्जा

0

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर सीरीज अपने नाम कर ली। कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए भारत को आसान जीत दिलाई।

रविवार को रायपुर में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 102 रन ही बना सकी। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

जिम्बाब्वे की ओर से चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने 34 रन बनाए, जबकि कप्तान जोसेफिन नकोमो ने 27 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। भारत की ओर से निकी प्रसाद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए। क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने भी एक-एक विकेट लेकर विपक्षी टीम की रन गति पर अंकुश लगाया।

शेफाली और स्मृति की तूफानी बल्लेबाजी

103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। शेफाली वर्मा और कप्तान स्मृति मंधाना ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में तेजी से रन बटोरते हुए मुकाबले को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।

भारत ने शुरुआती छह ओवर में 76 रन बना लिए थे। शेफाली और स्मृति के बीच पहले विकेट के लिए 96 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने जीत लगभग तय कर दी। शेफाली के आउट होने के बाद स्मृति मंधाना ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। भारतीय टीम ने महज 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर 104 रन बना लिए और मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया।

स्मृति मंधाना की कप्तानी में पहली सीरीज जीत

इस जीत के साथ स्मृति मंधाना ने भारतीय महिला टीम की कप्तान के रूप में अपनी पहली सीरीज जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने पहले टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को चार विकेट से हराया था। दूसरे मैच में नौ विकेट से मिली शानदार जीत ने टीम की ताकत और बल्लेबाजी की गहराई को साबित किया।

सीरीज में 2-0 की बढ़त के साथ भारतीय टीम अब तीसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में भी जीत दर्ज कर सीरीज का समापन शानदार अंदाज में करना चाहेगी।