
डेस्क : भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के लिए जल्द ही एक नया रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ लेकर आया जा रहा है। इस शो में भोजपुरी फिल्म उद्योग के कई चर्चित कलाकार अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी की झलक दर्शकों के सामने पेश करेंगे। शो को जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी पर प्रसारित किया जाएगा।
कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और अन्य कलाकार शामिल होंगे। शो के माध्यम से दर्शकों को इन सितारों के जीवन के उन पहलुओं को जानने का अवसर मिलेगा, जो अब तक पर्दे के पीछे ही रहे हैं।
निर्माताओं के अनुसार, ‘भोजपुरी बवाल’ पारंपरिक रियलिटी शो से अलग होगा। इसमें प्रतियोगिता, टास्क या एलिमिनेशन की जगह कलाकारों के वास्तविक जीवन, उनके संघर्ष, परिवार, कामकाज और प्रशंसकों के साथ उनके संबंधों को दिखाया जाएगा। शो का उद्देश्य भोजपुरी कलाकारों की वास्तविक जिंदगी को दर्शकों तक पहुंचाना है।
हाल ही में जारी किए गए शो के प्रोमो को सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। प्रोमो में कुछ प्रमुख कलाकारों की झलक दिखाई गई है, जिसके बाद दर्शकों के बीच कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
मनोरंजन जगत के जानकारों का मानना है कि यह शो भोजपुरी उद्योग के कलाकारों और उनके प्रशंसकों के बीच जुड़ाव को और मजबूत कर सकता है। शो की प्रसारण तिथि की आधिकारिक घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है।


