बिहार के सभी 36 सदर अस्पतालों में रात में भी मिलेगी इमरजेंसी सेवा, इलाज के साथ जांच की सुविधा

0

पटना :  बिहार सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के सभी 36 सदर अस्पतालों में रात के समय भी इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। मरीजों को आपात स्थिति में इलाज के साथ जरूरी जांच की सुविधा भी अस्पतालों में ही मिलेगी।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश जारी कर रात्रिकालीन इमरजेंसी सेवा और जांच व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने को कहा है। इस कदम का उद्देश्य गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना और उन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत को कम करना है।

विभाग के अनुसार, सदर अस्पतालों में रात के समय डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। यदि किसी अस्पताल में अतिरिक्त संसाधनों या विशेषज्ञों की आवश्यकता होगी तो उसकी जानकारी विभाग को भेजी जाएगी, ताकि जरूरी व्यवस्था की जा सके।

राज्य सरकार का मानना है कि इस सुविधा से जिला स्तर पर ही मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे मेडिकल कॉलेज अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।

बिहार में पहले से सदर अस्पतालों में ओपीडी, दवा वितरण, जांच और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब रात्रिकालीन इमरजेंसी और जांच सुविधा शुरू होने से मरीजों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।