देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बिहार समेत 10 से ज्यादा राज्यों में मौसम बदलेगा

0

डेस्क : देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार, 12 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों समेत 10 से अधिक राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 12 से 17 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12-13 अगस्त तथा 15 से 17 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है। पंजाब में 12 अगस्त को और हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश में 14 से 17 अगस्त के दौरान भारी बारिश का अनुमान है।

बिहार में 14 अगस्त से बढ़ेगी बारिश

बिहार में फिलहाल हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है, जबकि मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। झारखंड में भी 13 से 15 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

ओडिशा में 12-13 अगस्त को बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। गंगीय पश्चिम बंगाल में भी 12 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। वहीं उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 12 से 17 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश

मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 12 से 16 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 से 15 अगस्त तथा छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 17 अगस्त तक बारिश की संभावना है। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में 12 अगस्त और पूर्वी राजस्थान में 13-14 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली में हल्की बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में बुधवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री और लोधी रोड में 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 12 से 17 अगस्त के बीच बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 12 से 14 अगस्त के दौरान भारी बारिश हो सकती है।