एयर शो के दौरान एफ-4 फैंटम विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलटों की मौत

0

एथेंस : ग्रीस की राजधानी एथेंस के बाहर शनिवार को आयोजित एयर शो के दौरान एक एफ-4 फैंटम सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। ग्रीक समाचार एजेंसी एएनए ने अधिकारियों के हवाले से इसकी जानकारी दी।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक दुर्घटना के समय दोनों पायलट विमान से बाहर निकलने यानी इजेक्ट करने में सफल नहीं हो सके। हादसे के वास्तविक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान ने एयर शो के दौरान उड़ान भरी ही थी कि अचानक उसकी ऊंचाई कम होने लगी और वह जमीन से जा टकराया। दुर्घटना के तुरंत बाद जोरदार विस्फोट हुआ। उस समय हजारों दर्शक वार्षिक ‘एथेंस फ्लाइंग वीक’ कार्यक्रम देखने के लिए मौजूद थे।

हादसे के बाद एयर शो को रद्द कर दिया गया। ग्रीस के रक्षा मंत्री निकोस डेंडियास ने भी दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद थेसालोनिकी इंटरनेशनल फेयर का अपना दौरा रद्द कर घटनास्थल का रुख किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।